Home दुनियाबांग्लादेश में हिंदू युवक की निर्मम हत्या, BNP नेता पर कार से कुचलने का आरोप

बांग्लादेश में हिंदू युवक की निर्मम हत्या, BNP नेता पर कार से कुचलने का आरोप

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ हिंसा का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजबाड़ी जिले में एक हिंदू युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी यानी बीएनपी के एक प्रभावशाली नेता ने पेट्रोल पंप कर्मचारी को कार से कुचलकर मार डाला।

मृतक की पहचान 30 वर्षीय रिपन साहा के रूप में हुई है, जो राजबाड़ी के करिम फीलिंग स्टेशन में कर्मचारी के तौर पर काम करता था। यह दर्दनाक घटना शुक्रवार तड़के करीब साढ़े चार बजे की बताई जा रही है।

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बीएनपी नेता अबुल हाशेम सुजन अपने ब्लैक लैंड क्रूजर वाहन से पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। उन्होंने करीब 5 हजार टका का ऑक्टेन भरवाया, लेकिन भुगतान किए बिना वाहन लेकर निकलने की कोशिश करने लगे। जब रिपन साहा ने वाहन रोककर पैसे मांगे तो आरोप है कि सुजन और उनके ड्राइवर कमल हुसैन ने पहले गाली-गलौज की और फिर गाड़ी तेज रफ्तार में आगे बढ़ा दी।

इस दौरान रिपन साहा वाहन के नीचे आ गया और उसे बेरहमी से कुचल दिया गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि आरोपी अबुल हाशेम सुजन बीएनपी की राजबाड़ी जिला इकाई का पूर्व कोषाध्यक्ष रह चुका है और जूबो दल यानी बीएनपी की युवा शाखा का भी पूर्व जिला अध्यक्ष है।

घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ बढ़ती हिंसा का उदाहरण बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों का यह मामला एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा रहा है।

You may also like

Leave a Comment