आईसीसी के बड़े टूर्नामेंट में भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को करारी शिकस्त देकर अपनी बादशाहत कायम रखी। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले के हीरो रहे युवा सलामी बल्लेबाज ईशान किशन, जिन्होंने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए। इस चुनौतीपूर्ण पिच पर जहां शुरुआत में बल्लेबाजी आसान नहीं दिख रही थी, वहीं ईशान किशन ने आक्रामक तेवर अपनाते हुए 40 गेंदों में 77 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। 192.50 की स्ट्राइक रेट से खेली गई इस पारी ने भारतीय स्कोर को मजबूत आधार दिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 25 रनों का योगदान दिया।
मैच के बाद ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए ईशान किशन ने कहा कि भारत-पाकिस्तान का मुकाबला हमेशा खास होता है। उन्होंने कहा, “यह मैच सिर्फ हमारे लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए खास होता है। इस जीत से हमें जबरदस्त आत्मविश्वास मिला है और हम इसी मोमेंटम को आगे भी जारी रखना चाहेंगे।”

ईशान ने अपनी बल्लेबाजी को लेकर खुलासा करते हुए कहा कि पिच शुरुआत में आसान नहीं थी, इसलिए उन्होंने अपनी ताकत पर फोकस किया। उन्होंने बताया कि ऑफ-साइड बल्लेबाजी पर उन्होंने काफी मेहनत की है और उनका लक्ष्य चीजों को सरल रखते हुए टीम को 160-170 के प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाना था।
175 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने 44 रन बनाए, जबकि शाहीन अफरीदी ने नाबाद 23 रन जोड़े, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट चटकाकर पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

ईशान किशन ने खास तौर पर जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अहम मौकों पर जिस तरह गेंदबाजी की, वह जीत की असली नींव साबित हुई।
भारत की इस जीत ने न सिर्फ टूर्नामेंट में टीम का आत्मविश्वास बढ़ाया है, बल्कि यह भी साफ कर दिया है कि बड़े मुकाबलों में टीम इंडिया दबाव को मौके में बदलना अच्छी तरह जानती है।