Home वेब स्टोरीजनाराजगी की अटकलों के बीच कांग्रेस हाईकमान से मिले शशि थरूर,बोले सब एक साथ आगे बढ़ रहे हैं

नाराजगी की अटकलों के बीच कांग्रेस हाईकमान से मिले शशि थरूर,बोले सब एक साथ आगे बढ़ रहे हैं

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

नई दिल्ली:कांग्रेस के भीतर मतभेद और नाराजगी की अटकलों के बीच वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर सियासी हलकों में चल रही चर्चाओं पर विराम लगाने की कोशिश की है। यह मुलाकात संसद भवन स्थित कांग्रेस अध्यक्ष खरगे के कार्यालय में हुई, जहां तीनों नेताओं के बीच विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।


यह बैठक ऐसे समय पर हुई है, जब हाल ही में शशि थरूर के केरल विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बुलाई गई अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (AICC) की अहम बैठक में शामिल न होने को लेकर सवाल उठे थे। हालांकि थरूर पहले ही स्पष्ट कर चुके थे कि केरल लिटरेचर फेस्टिवल में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के चलते वह उस बैठक में शामिल नहीं हो सके।

मुलाकात के बाद शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के साथ बैठक की तस्वीर साझा की। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि कांग्रेस अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के साथ कई विषयों पर गर्मजोशी भरी और सार्थक चर्चा हुई। थरूर ने कहा कि भारत के लोगों की सेवा के लिए कांग्रेस नेतृत्व पूरी तरह एकजुट है और सभी नेता एक ही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने यह भी दोहराया कि उन्होंने हमेशा पार्टी के लिए कैंपेन किया है और आगे भी करते रहेंगे।

केरल के मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों पर भी शशि थरूर ने साफ शब्दों में अपनी स्थिति रखी। उन्होंने कहा कि इस विषय पर बैठक में कोई चर्चा नहीं हुई और उन्हें किसी भी पद के लिए उम्मीदवार बनने में कोई दिलचस्पी नहीं है। थरूर ने कहा कि वह एक सांसद हैं और तिरुवनंतपुरम के मतदाताओं ने उन पर भरोसा जताया है। संसद में उनके हितों की आवाज उठाना ही उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले शशि थरूर ने सार्वजनिक तौर पर संकेत दिए थे कि उनके और पार्टी के बीच कुछ “मसले” हैं, जिन पर वह पार्टी नेतृत्व से चर्चा करना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि इन मुद्दों पर सार्वजनिक मंच पर बात करना उचित नहीं है और इन्हें आंतरिक स्तर पर सुलझाया जाना चाहिए..

थरूर और कांग्रेस नेतृत्व के बीच दूरी की चर्चाएं तब तेज हो गई थीं, जब 19 जनवरी को केरल के कोच्चि में हुई कांग्रेस की ‘महापंचायत’ के दौरान राहुल गांधी द्वारा कथित तौर पर थरूर को नजरअंदाज किए जाने की बात सामने आई थी.. उस कार्यक्रम में राहुल गांधी ने मंच पर मौजूद कई नेताओं का अभिवादन किया, लेकिन शशि थरूर का नाम नहीं लिया गया, जिससे उनके ‘नाराज’ होने की खबरें सामने आईं…
हालांकि अब खरगे और राहुल गांधी से मुलाकात के बाद शशि थरूर के बयान को कांग्रेस के भीतर एकजुटता का संदेश माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व और थरूर, दोनों की ओर से दिए गए संकेतों से यह साफ होता है कि कांग्रेस फिलहाल आंतरिक मतभेदों की चर्चाओं को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रही है..

You may also like

Leave a Comment