इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बड़ा और सख्त फैसला लिया है। बोर्ड ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को औपचारिक रूप से निर्देश जारी करते हुए बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को तत्काल प्रभाव से टीम से रिलीज करने को कहा है। यह फैसला IPL 2026 सीजन की शुरुआत से ठीक पहले लिया गया है, जिसने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने इस निर्णय की पुष्टि करते हुए कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए बोर्ड के पास कोई अन्य विकल्प नहीं था। उन्होंने बताया कि देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हालिया घटनाक्रमों के मद्देनजर यह फैसला अनिवार्य हो गया था। बोर्ड लंबे समय से स्थिति पर नजर बनाए हुए था, लेकिन बढ़ते सार्वजनिक और राजनीतिक दबाव के बाद अब स्पष्ट निर्णय लिया गया है।

माना जा रहा है कि यह फैसला बांग्लादेश में जारी राजनीतिक अस्थिरता, नागरिक अशांति और भारत-बांग्लादेश के बीच बिगड़ते राजनयिक संबंधों का सीधा असर है। इसके अलावा भारत में भी बांग्लादेशी खिलाड़ियों को IPL में शामिल किए जाने को लेकर विरोध तेज हो गया था। हाल के दिनों में सोशल मीडिया के साथ-साथ सार्वजनिक मंचों पर भी इस मुद्दे को लेकर नाराजगी देखने को मिली।
KKR को बड़ा झटका, 9.20 करोड़ की बोली बेकार मुस्तफिजुर रहमान IPL ऑक्शन इतिहास के सबसे महंगे बांग्लादेशी खिलाड़ी रहे हैं। दिसंबर में हुए IPL ऑक्शन में KKR ने उन्हें 9 करोड़ 20 लाख रुपये की भारी रकम देकर अपनी टीम में शामिल किया था। उन्हें टीम के गेंदबाजी आक्रमण का अहम हिस्सा माना जा रहा था, लेकिन अब यह पूरी रणनीति बदलनी पड़ेगी। फ्रेंचाइजी के लिए यह फैसला आर्थिक और खेल दोनों नजरिए से बड़ा झटका माना जा रहा है।
रिप्लेसमेंट की मिली मंजूरी हालांकि KKR के लिए राहत की खबर यह है कि BCCI ने मुस्तफिजुर के स्थान पर किसी अन्य खिलाड़ी को शामिल करने की अनुमति दे दी है। बोर्ड ने साफ किया है कि फ्रेंचाइजी अगर किसी भारतीय या विदेशी खिलाड़ी को विकल्प के तौर पर चुनती है, तो उसे मंजूरी दी जाएगी, ताकि टीम का संतुलन प्रभावित न हो।
सोशल मीडिया पर विरोध और बयानबाजी

गौरतलब है कि शाहरुख खान की मालिकाना हक वाली KKR को मुस्तफिजुर को टीम में शामिल करने के बाद से ही सोशल मीडिया पर कड़ी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा था। फैंस के साथ-साथ कुछ राजनीतिक नेताओं और साधु-संतों ने भी बांग्लादेशी खिलाड़ी के IPL में खेलने पर सवाल खड़े किए थे। अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद से बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता बढ़ी है, और हाल ही में हिंदुओं पर हुए हमलों के बाद भारत में विरोध और तेज हो गया।
कैफ ने की थी संयम बरतने की अपील
BCCI के फैसले से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने इस मुद्दे पर संयम बरतने और बोर्ड के निर्णय का इंतजार करने की अपील की थी। कैफ ने कहा था कि यह एक संवेदनशील मामला है और अंतिम फैसला BCCI को ही लेना चाहिए।
IPL 2026 से पहले आए इस फैसले ने साफ कर दिया है कि मौजूदा हालात में क्रिकेट और राजनीति के टकराव से बचना आसान नहीं है। अब सबकी नजर इस पर है कि KKR मुस्तफिजुर के विकल्प के तौर पर किस खिलाड़ी को अपनी टीम में शामिल करती है।