साउथ सिनेमा के सुपरस्टार और नेशनल अवॉर्ड विनर एक्टर धनुष एक बार फिर कानूनी विवाद में घिर गए हैं। तमिल प्रोडक्शन कंपनी थेंनंडल फिल्म्स ने उन्हें 20 करोड़ रुपये का लीगल नोटिस भेजा है और जवाब देने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है।
प्रोडक्शन कंपनी का आरोप है कि धनुष ने साल 2016 में उनकी फिल्म नान रुद्रन साइन की थी, लेकिन बाद में बिना फिल्म पूरी किए प्रोजेक्ट से बाहर हो गए। कंपनी का कहना है कि धनुष ने वादा किया था कि वह इस प्रोजेक्ट को पूरा करेंगे या फिर उनके बैनर के साथ एक नई फिल्म डायरेक्ट और उसमें अभिनय करेंगे।

थेंनंडल फिल्म्स के अनुसार, धनुष के भरोसे उन्होंने प्री-प्रोडक्शन पर भारी खर्च किया और एडवांस पेमेंट भी किया। इतना ही नहीं, फिल्म में शामिल अन्य कलाकारों और तकनीकी टीम को भी भुगतान किया गया। लेकिन धनुष द्वारा पूरी स्क्रिप्ट उपलब्ध न कराने और अन्य प्रोजेक्ट्स को प्राथमिकता देने के कारण यह फिल्म अधूरी रह गई। अब प्रोडक्शन कंपनी ने इस नुकसान की भरपाई के लिए 20 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की है।

वहीं, वर्क फ्रंट की बात करें तो धनुष हाल ही में निर्देशक आनंद एल राय की फिल्म तेरे इश्क में में नजर आए थे, जिसमें उनके साथ कृति सेनन मुख्य भूमिका में थीं। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला।
अब इस लीगल नोटिस के बाद फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा तेज हो गई है और सभी की नजर धनुष के आधिकारिक जवाब और आगे की कानूनी कार्रवाई पर टिकी हुई है।