देहरादून:जेपी नड्डा ने शनिवार को देवभूमि उत्तराखंड के दौरे के दौरान राज्य सरकार के कामकाज की खुलकर प्रशंसा की। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री नड्डा देहरादून में आयोजित एक समारोह में शामिल हुए, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रही सरकार को विकासोन्मुख और जनसेवा के प्रति समर्पित बताया।
समारोह को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि उत्तराखंड आज कनेक्टिविटी, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि युवा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार दिन-रात जनता की सेवा में जुटी है और विकास की नई इबारत लिख रही है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देवभूमि में विकास की जो गति दिखाई दे रही है, वह राज्य सरकार की प्रतिबद्धता और केंद्र-राज्य समन्वय का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी उत्तराखंड विकास के पथ पर और मजबूती से आगे बढ़ेगा।
नड्डा ने मुख्यमंत्री धामी को उनके कार्यों के लिए बधाई देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं। गौरतलब है कि जेपी नड्डा भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं और केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।