टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज़ शिखर धवन अपनी निजी जिंदगी की नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। धवन अपनी गर्लफ्रेंड सोफी शाइन के साथ शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। हाल ही में उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर संगीत समारोह की कुछ खास तस्वीरें साझा कीं, जो देखते ही देखते वायरल हो गईं।तस्वीरों में ‘गब्बर’ और सोफी की जोड़ी बेहद खूबसूरत नजर आ रही है। आयरलैंड की रहने वाली सोफी पारंपरिक लहंगे में दिखीं, जबकि धवन का एथनिक आउटफिट भी खास आकर्षण का केंद्र रहा।

दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। इसी साल जनवरी में दोनों ने गुपचुप सगाई की थी, जिसकी जानकारी बाद में सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सामने आई।फैंस कमेंट सेक्शन में इस कपल को नई जिंदगी के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर दोनों की रील्स और ट्रिप की तस्वीरें पहले भी चर्चा में रही हैं।गौरतलब है कि धवन का साल 2023 में अपनी पहली पत्नी आयशा मुखर्जी से तलाक हो गया था। दोनों का एक बेटा जोरावर है, जिसकी कस्टडी आयशा के पास है।

क्रिकेट करियर की बात करें तो धवन ने 24 अगस्त 2024 को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। उन्होंने भारत के लिए 34 टेस्ट, 167 वनडे और 68 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। अपने करियर में कुल 10,867 रन और 24 शतक लगाने वाले धवन 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत के अहम नायक रहे थे।अब क्रिकेट के मैदान से दूर, शिखर धवन अपनी जिंदगी की नई पारी की तैयारी में जुटे हैं और फैंस उनकी इस नई शुरुआत के लिए उन्हें दिल खोलकर बधाइयां दे रहे हैं।