मुंबई:महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने रायगढ़ जिला परिषद चुनाव को सीधे तौर पर “भूमिपुत्रों के हक और अस्तित्व की लड़ाई” करार दिया है। रायगढ़ जिले में जोरदार चुनावी प्रचार के दौरान सपकाल ने आरोप लगाया कि ‘तीसरी मुंबई’ के नाम पर पूंजीवादी ताकतें रायगढ़ की जमीन पर कब्जा करने के इरादे से आगे बढ़ रही हैं।
हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि यह देश मुट्ठीभर उद्योगपतियों का नहीं, बल्कि आम जनता और भूमिपुत्रों का है। लेकिन आज हालात ऐसे बनते जा रहे हैं, जहां कुछ लोग देश को खरीदने और बेचने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तीसरी मुंबई के बहाने पूंजीपति रायगढ़ के दरवाजे पर खड़े हैं और जिला परिषद चुनाव इसी खतरे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई है।
रायगढ़ जिले के जासई, चिरनेर, सातिर्जे और चोंढी में आयोजित प्रचार रैलियों को संबोधित करते हुए सपकाल ने दावा किया कि कार्यकर्ताओं में दिख रहा उत्साह साफ संकेत दे रहा है कि कांग्रेस और महाविकास आघाड़ी की जीत तय है। उन्होंने भरोसा जताया कि रायगढ़ जिला परिषद की सत्ता की चाबी कांग्रेस मविआ के हाथों में आएगी।

लोकनेता दि. बा. पाटील का उल्लेख करते हुए सपकाल ने कहा कि उन्होंने जीवनभर भूमिपुत्रों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। आज वही संघर्ष एक बार फिर जरूरी हो गया है, क्योंकि पूंजीवादी ताकतें स्थानीय लोगों के हक पर डाका डालने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि इस पूंजीवादी हमले को रोकने के लिए कांग्रेस मविआ के उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाएं।

नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नामकरण के मुद्दे पर बोलते हुए हर्षवर्धन सपकाल ने भाजपा पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही हवाई अड्डे को लोकनेता दि. बा. पाटील का नाम देने की मांग कर रही है, लेकिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस पर टालमटोल कर रहे हैं। सपकाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ‘एनएम’ के नाम की आड़ में हवाई अड्डे को नरेंद्र मोदी का नाम देने की कोशिश की गई, तो कांग्रेस इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी।
इस दौरान रायगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेंद्र घरत, राजाभाऊ ठाकूर सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।