Home धर्म / आध्यात्मठाणे में ‘कोकण भवन’ बनाने की मांग, ‘टीपू सुल्तान’ चौकों पर मंत्री नितेश राणे का तीखा बयान

ठाणे में ‘कोकण भवन’ बनाने की मांग, ‘टीपू सुल्तान’ चौकों पर मंत्री नितेश राणे का तीखा बयान

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

ठाणे में आयोजित मालवणी महोत्सव के मंच से महाराष्ट्र के मत्स्य व्यवसाय और बंदर विकास मंत्री नितेश राणे ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि मुंबई की तर्ज पर ठाणे में भी अगले पांच वर्षों में ‘कोकण भवन’ का निर्माण किया जाना चाहिए। उन्होंने इस मुद्दे पर स्वयं आयुक्त से चर्चा करने की बात कही।
ठाणे के शिवाई नगर में आयोजित इस महोत्सव में स्थानीय जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान मंत्री राणे ने कहा कि कोकण क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग रोजगार के लिए मुंबई और ठाणे जैसे शहरों में आते हैं, लेकिन उनकी जड़ें अब भी गांव से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने बताया कि मुंबई में ‘कोकण भवन’ निर्माण के लिए उन्होंने मुंबई की महापौर को पत्र भी सौंपा है और अब ठाणे में भी इसी प्रकार की पहल की जाएगी।

मंत्री राणे ने कोकण के आम, काजू और अन्य कृषि उत्पादों को शहरों में बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कोकण के विकास और कोकणी लोगों के सपनों को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है।
महोत्सव के दौरान पारंपरिक मालवणी खाद्य संस्कृति, कृषि उत्पादों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। आयोजकों की ओर से मंत्री राणे का पारंपरिक तरीके से सत्कार भी किया गया।

युवाओं को संदेश देते हुए मंत्री राणे ने कहा कि कोकण का 877 किलोमीटर लंबा समुद्री तट पर्यटन, मत्स्य व्यवसाय और समुद्री अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में अपार संभावनाएं लेकर आया है। उन्होंने युवाओं से इन क्षेत्रों में करियर बनाने का आह्वान किया।
इस दौरान मिरा-भाईंदर और अन्य शहरों में ‘टीपू सुल्तान’ नाम वाले चौकों के संबंध में पूछे गए सवाल पर मंत्री राणे ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ऐसे नामों को हटाने की आवश्यकता है और इस विषय पर उनकी स्पष्ट और कठोर भूमिका है। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज होने की संभावना है।

You may also like

Leave a Comment