नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले भारतीय क्रिकेट टीम की मुश्किलें बढ़ती नज़र आ रही हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए वॉर्म-अप मुकाबले में टीम इंडिया के युवा तेज़ गेंदबाज़ हर्षित राणा चोटिल हो गए। मैच के दौरान उन्होंने केवल एक ओवर गेंदबाज़ी की और इसके बाद घुटने में तकलीफ के चलते लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए, जिससे टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ गई है।
24 वर्षीय हर्षित राणा ने अपने एकमात्र ओवर में 16 रन खर्च किए। ओवर समाप्त होने के बाद वह असहज दिखाई दिए और घुटने को पकड़ते हुए मैदान छोड़ दिया। गेंदबाज़ी के दौरान भी वह दो बार रन-अप से पीछे हटते नज़र आए थे, जिससे साफ हो गया था कि वह किसी परेशानी से जूझ रहे हैं। इसके बाद हर्षित दोबारा मैदान पर नहीं लौटे।
टी20 वर्ल्ड कप बेहद करीब है और ऐसे में हर्षित राणा की चोट टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती है। फिलहाल उनकी फिटनेस को लेकर स्थिति साफ नहीं है और सभी की निगाहें BCCI की आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।

गौरतलब है कि भारतीय टीम पहले से ही चोट की समस्याओं से जूझ रही है। ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर अभी तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं। उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में पसली में चोट लगी थी और वह अब भी वर्ल्ड कप से पहले फिट होने की कोशिश में जुटे हैं।
हालांकि टीम के लिए राहत की खबर तिलक वर्मा की वापसी के रूप में सामने आई है। ग्रोइन इंजरी से उबरने के बाद तिलक ने इंडिया-A के वॉर्म-अप मैच में खेला और साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीनियर टीम की ओर से भी मैदान पर उतरे। इस मुकाबले में उन्होंने 45 रन की अहम पारी खेली और एक ओवर में सिर्फ 9 रन देकर अपनी उपयोगिता साबित की।

चोट की चिंताओं के बावजूद भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वॉर्म-अप मैच में शानदार प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 240/6 का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 210/7 तक ही पहुंच सकी।
मैच के हीरो रहे ईशान किशन, जिन्होंने मात्र 20 गेंदों में 53 रन की विस्फोटक पारी खेली। गेंदबाज़ी में अभिषेक शर्मा ने चौंकाते हुए तीन ओवर में 2 विकेट 32 रन देकर झटके और सबसे सफल गेंदबाज़ साबित हुए।
अब टीम इंडिया की कोशिश होगी कि चोटों से उबरते हुए इसी लय को 7 फरवरी से शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप में बरकरार रखा जाए।
टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह।