मुंबई में हिंदवी स्वराज के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका द्वारा आयोजित ‘शिवजयंती उत्सव’ के अंतर्गत दादर स्थित शिवाजी पार्क मैदान में स्थापित शिवाजी महाराज की अश्वारूढ़ प्रतिमा पर महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने पुष्पहार अर्पित कर अभिवादन किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद दादर के क्रीड़ा भवन में महानगरपालिका की संगीत कला अकादमी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिवाजी महाराज के शौर्य और पराक्रम पर आधारित पोवाड़े और शिवगीत प्रस्तुत किए गए, जिन्हें दर्शकों ने बेहद सराहा।

राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कलाकारों के प्रदर्शन की मुक्तकंठ से प्रशंसा की और प्रोत्साहन स्वरूप 51 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज का जीवन राष्ट्रभक्ति, साहस और सुशासन की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में मुंबई की महापौर रितू तावडे, सांसद अनिल देसाई, विधायक सुनील शिंदे, महानगरपालिका में विपक्ष की नेता किशोरी पेडणेकर, महानगरपालिका आयुक्त भूषण गगराणी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

इसके अलावा बृहन्मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय के सभागृह में भी शिवाजी महाराज की अर्धप्रतिमा पर महापौर रितू तावडे ने पुष्पहार अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वहीं, मुंबई के ऐतिहासिक स्थल गेटवे ऑफ इंडिया पर स्थापित प्रतिमा पर भी महापौर द्वारा अभिवादन किया गया।
मुंबई में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से शिवाजी महाराज के आदर्शों और वीरता को नमन करते हुए नई पीढ़ी को उनके विचारों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।