अकोला:अकोला महानगरपालिका चुनाव 2026 के मद्देनज़र वंचित बहुजन आघाड़ी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाळासाहेब आंबेडकर ने शहरवासियों से विकास के नाम पर बदलाव का आह्वान किया है। अकोट फाइल क्षेत्र में आयोजित भव्य जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अकोला शहर की मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान तभी संभव है, जब नगर प्रशासन में नई सोच और ईमानदार नेतृत्व को मौका दिया जाए।

बाळासाहेब आंबेडकर ने कहा कि अकोला शहर आज भी गटर व्यवस्था, जर्जर सड़कों, कमजोर स्वास्थ्य सुविधाओं और महानगरपालिका स्कूलों की बदहाल स्थिति जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। वंचित बहुजन आघाड़ी सत्ता में आने पर इन सभी मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर काम करेगी। गटरों की आधुनिक व्यवस्था, बेहतर और सुरक्षित सड़कें, स्वास्थ्य सेवाओं का सशक्तीकरण और मनपा स्कूलों की गुणवत्ता में सुधार उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

उन्होंने कहा कि अकोला को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने के लिए ठोस योजना और ईमानदार अमल की जरूरत है। “शहर के सर्वांगीण विकास के लिए अब परिवर्तन जरूरी है। अकोलावासियों को चाहिए कि वे एक बार वंचित बहुजन आघाड़ी के उम्मीदवारों को मौका दें और उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं,” ऐसा स्पष्ट संदेश उन्होंने जनता को दिया।
इस जनसभा में बड़ी संख्या में नागरिकों की मौजूदगी देखने को मिली। सभा के बाद अकोला महानगरपालिका चुनाव प्रचार को और गति मिली है। वंचित बहुजन आघाड़ी के प्रचार अभियान ने शहर में जोर पकड़ लिया है और सभा के जरिए पार्टी ने विकास और बदलाव के मुद्दे को केंद्र में लाने का प्रयास किया है।