Home ट्रेंडिंगक्रैश से पहले पायलट की चीख, ATC को नहीं किया मेडे कॉल… ब्लैक बॉक्स खोलेगा अजित पवार विमान हादसे का सच

क्रैश से पहले पायलट की चीख, ATC को नहीं किया मेडे कॉल… ब्लैक बॉक्स खोलेगा अजित पवार विमान हादसे का सच

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के विमान हादसे की जांच तेज़ हो गई है और शुरुआती जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। सूत्रों के मुताबिक, हादसे से कुछ सेकंड पहले ही पायलट को यह अंदाजा हो गया था कि विमान गलत जगह पर लैंड हो रहा है। इसी दौरान कॉकपिट में पायलट की जोरदार चीख दर्ज हुई, लेकिन इसके बावजूद एयर ट्रैफिक कंट्रोल को कोई मेडे कॉल नहीं दी गई।

बताया जा रहा है कि अजित पवार 28 जनवरी की सुबह मुंबई से एक प्राइवेट विमान से बारामती के लिए रवाना हुए थे। सुबह करीब 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान क्रैश हो गया। इस दर्दनाक हादसे में अजित पवार समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई।

जांच एजेंसियां अब विमान के ब्लैक बॉक्स से रिकॉर्डिंग निकालने की प्रक्रिया में जुटी हैं।

फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (FDR) से विमान की स्पीड, ऊंचाई, इंजन की स्थिति और तकनीकी आंकड़ों की जानकारी मिलेगी, जबकि कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) से पायलट और को-पायलट के बीच हुई आखिरी बातचीत सामने आएगी। इन्हीं रिकॉर्डिंग्स के आधार पर यह तय होगा कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या फिर मानवीय चूक इसकी वजह बनी।

विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी गंभीर आपात स्थिति में पायलट द्वारा ATC को मेडे कॉल दी जाती है, ताकि विमान को तत्काल प्राथमिकता के साथ सुरक्षित लैंड कराया जा सके। मेडे कॉल मिलने पर रनवे खाली कराया जाता है और एंबुलेंस व फायर ब्रिगेड को तुरंत अलर्ट किया जाता है। ऐसे में इस उड़ान में मेडे कॉल क्यों नहीं दी गई, यह सवाल जांच के केंद्र में है।

फिलहाल, जांच एजेंसियां हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही हैं। मौसम की स्थिति, रनवे की लोकेशन, तकनीकी सिस्टम और पायलट की अंतिम प्रतिक्रिया हर पहलू को जोड़ा जा रहा है। अब सभी की निगाहें ब्लैक बॉक्स की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो इस हाई-प्रोफाइल विमान हादसे की असली वजह को सामने लाएगी।

You may also like

Leave a Comment