Home देशकफ सिरप तस्करी केस में बड़ा एक्शन: सोनभद्र पुलिस ने वाराणसी में भोला जायसवाल की संपत्ति की सील, शुभम जायसवाल की करोड़ों की प्रॉपर्टी रडार पर

कफ सिरप तस्करी केस में बड़ा एक्शन: सोनभद्र पुलिस ने वाराणसी में भोला जायसवाल की संपत्ति की सील, शुभम जायसवाल की करोड़ों की प्रॉपर्टी रडार पर

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

उत्तर प्रदेश में कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में सोनभद्र पुलिस ने शुक्रवार को वाराणसी में बड़ी कार्रवाई करते हुए कफ सिरप तस्करी के आरोपी भोला प्रसाद जायसवाल से जुड़ी संपत्तियों को सील कर दिया। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर सिगरा, महमूरगंज और चेतगंज थाना क्षेत्रों में की गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

भोला प्रसाद जायसवाल इस समय कफ सिरप तस्करी मामले में जेल में बंद है। वह इस गिरोह के फरार मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल का पिता बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, सोनभद्र न्यायालय के आदेश पर बीएनएस की धारा 107 और एनडीपीएस एक्ट के तहत यह कार्रवाई की गई। सीओ सिटी सोनभद्र रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में आई पुलिस टीम ने वाराणसी पुलिस से समन्वय स्थापित कर संपत्तियों को सील किया।

सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि भोला जायसवाल और उनके परिजनों के नाम दर्ज करीब 28 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की संपत्तियों को सील किया गया है। ये संपत्तियां वाराणसी के सिगरा, महमूरगंज और चेतगंज क्षेत्रों में स्थित हैं। पुलिस का कहना है कि यह संपत्तियां कफ सिरप तस्करी से अर्जित अवैध कमाई से जोड़ी जा रही हैं।

सोनभद्र पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस भी पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। एडीसीपी टी सरवनन के अनुसार, फरार मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल की वाराणसी और अन्य स्थानों पर मौजूद संपत्तियों की पहचान कर ली गई है। इन संपत्तियों का संभावित बाजार मूल्य 38 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है। इन पर जब्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और संबंधित नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कफ सिरप तस्करी जैसे गंभीर अपराधों के खिलाफ किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़ी कार्रवाइयां हो सकती हैं।

You may also like

Leave a Comment