कनाडा के टोरंटो शहर से भारतीय समुदाय को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। कर्नाटक के नेलमंगला निवासी 37 वर्षीय भारतीय युवक चंदन कुमार की शनिवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात टोरंटो के वुडबाइन शॉपिंग सेंटर के बाहर हुई, जहां चंदन अपनी कार में बैठे थे।
टोरंटो पुलिस सर्विस के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 3:31 बजे रेक्सडेल बुलेवार्ड और हाईवे 27 के पास एक पार्किंग लॉट में गोलीबारी की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने चंदन कुमार को गोली लगने की हालत में पाया। उन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना वर्ष 2026 में टोरंटो की तीसरी हत्या है। मामले की जांच अब होमिसाइड एंड मिसिंग पर्सन्स यूनिट को सौंप दी गई है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ी कोई जानकारी या सीसीटीवी फुटेज हो, तो वह आगे आए और जांच में सहयोग करे।

चंदन कुमार पेशे से L&T कंपनी में कार्यरत थे और पिछले छह वर्षों से कनाडा में रह रहे थे। परिजनों और रिश्तेदारों के अनुसार, वे विदेश में रहते हुए भी कन्नड़ समुदाय और संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेते थे। उनकी अचानक हुई मौत से कनाडा में बसे भारतीय और कन्नड़ समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है।
इधर, कर्नाटक में चंदन कुमार के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने भारत सरकार से अपील की है कि उनके पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने की व्यवस्था की जाए, ताकि अंतिम संस्कार अपने पैतृक स्थान पर किया जा सके। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।