Home mumbaiएमएमआरडीए के 48 हजार करोड़ के बजट से ठाणे-कल्याण का कायापलट, ठाणे बनेगा ‘मोबिलिटी हब’ और कल्याण ‘प्रगत शहरी केंद्र’ – एकनाथ शिंदे

एमएमआरडीए के 48 हजार करोड़ के बजट से ठाणे-कल्याण का कायापलट, ठाणे बनेगा ‘मोबिलिटी हब’ और कल्याण ‘प्रगत शहरी केंद्र’ – एकनाथ शिंदे

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

मुंबई,: मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण यानी एमएमआरडीए के माध्यम से मुंबई महानगर क्षेत्र में बड़े स्तर पर बुनियादी ढांचे के विकास का रास्ता साफ हो गया है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में हुई हालिया बैठक में 48 हजार करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी गई है। इस बजट के जरिए ठाणे और कल्याण शहरों के व्यापक कायापलट का खाका तैयार किया गया है।
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा है कि ठाणे को ‘मोबिलिटी हब’ के रूप में विकसित किया जाएगा, जबकि कल्याण को भविष्य के ‘प्रगत शहरी केंद्र’ के तौर पर तैयार किया जाएगा। मुंबई का प्रमुख प्रवेश द्वार माने जाने वाले ठाणे शहर के लिए 12 से 13 हजार करोड़ रुपये की बड़ी राशि निर्धारित की गई है।
ठाणे-बोरीवली डबल टनल प्रोजेक्ट, जिसकी लंबाई करीब 12 किलोमीटर होगी, इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए 2026-27 में 3 हजार करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। इस परियोजना को कुल 18,838 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है।


इसके अलावा ठाणे में मेट्रो नेटवर्क को मजबूती दी जा रही है। कासारवडवली से वडाला तक मेट्रो लाइन 4, मेट्रो 4-ए का गायमुख तक विस्तार और स्वामी समर्थ नगर से विक्रोली तक मेट्रो 6 परियोजना से ठाणे-मुंबई कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
ठाणे कोस्टल रोड के पहले चरण के लिए 1,025 करोड़ रुपये, आनंदनगर-साकेत एलिवेटेड रोड के लिए 880 करोड़ रुपये और कोलशेत-काल्हेर खाड़ी पुल के लिए 214 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। साथ ही रायलादेवी और मासुंदा झील के सौंदर्यीकरण का भी प्रावधान किया गया है।

वहीं, कल्याण-डोंबिवली क्षेत्र को भविष्य के नियोजित शहरी केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए 2,500 से 3,500 करोड़ रुपये की तरतूद की गई है। 1,239 करोड़ रुपये की लागत वाले कल्याण रिंग रोड प्रोजेक्ट के लिए 600 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे शहर की ट्रैफिक समस्या कम करने में मदद मिलेगी।
भिवंडी-कल्याण मेट्रो 5, उल्हासनगर विस्तार 5-ए और कांजूरमार्ग-बदलापुर मेट्रो 14 परियोजनाओं के जरिए कल्याण को एमएमआर का प्रमुख ट्रांजिट हब बनाने की योजना है। ऐरोली-काटई नाका मार्ग परियोजना, जिसकी लागत 584 करोड़ रुपये है, नवी मुंबई से कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी।

एमएमआर क्षेत्र में पानी की समस्या को दूर करने के लिए पोशीर और शिलार बांध परियोजनाओं को तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने स्पष्ट किया कि 337 किलोमीटर लंबे मेट्रो नेटवर्क के साथ-साथ पॉड टैक्सी, बोट टैक्सी, मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी, फ्लाईओवर, अंडरग्राउंड रोड और अन्य बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के जरिए मुंबई महानगर क्षेत्र को भविष्य के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद ठाणे और कल्याण न केवल ट्रैफिक और बुनियादी सुविधाओं के मामले में आगे बढ़ेंगे, बल्कि आर्थिक और शहरी विकास के नए केंद्र के रूप में भी उभरेंगे।

You may also like

Leave a Comment