अहमदाबाद में 12 जून 2025 को हुए एअर इंडिया विमान हादसे को लेकर एक नई अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट ने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। इटली के प्रमुख अख़बार कोरिएरे डेला सेरा की रिपोर्ट के मुताबिक, जांच में शामिल सूत्रों का दावा है कि यह हादसा किसी तकनीकी खराबी की वजह से नहीं, बल्कि इंजन के फ्यूल कंट्रोल स्विच को कथित तौर पर जानबूझकर बंद किए जाने की वजह से हुआ हो सकता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय जांच एजेंसियों को शुरुआती तकनीकी विश्लेषण में किसी मैकेनिकल फेल्योर के ठोस सबूत नहीं मिले। ब्लैक बॉक्स डेटा के आधार पर यह संकेत मिला कि इंजन इग्निशन और शटडाउन को नियंत्रित करने वाला फ्यूल स्विच मैन्युअली मूव किया गया था। हादसे के समय विमान के दोनों इंजन बंद हो गए थे, जिसके बाद टेकऑफ के कुछ ही सेकंड में विमान जमीन पर गिर गया।

जुलाई 2025 में एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की शुरुआती रिपोर्ट में कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डिंग का जिक्र किया गया था। रिकॉर्डिंग में एक पायलट दूसरे से पूछता सुनाई देता है, “तुमने फ्यूल क्यों बंद किया?” जवाब में दूसरे पायलट ने कहा, “मैंने ऐसा नहीं किया।” इस बातचीत ने जांच को नई दिशा दी।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि जांच एजेंसियां अब फाइनल रिपोर्ट का ड्राफ्ट तैयार कर रही हैं। हालांकि, आधिकारिक रिपोर्ट जारी होने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाज़ी माना जा रहा है। मामले में कैप्टन सुमीत सभरवाल और फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर विमान में मौजूद थे। कुछ रिपोर्ट्स में कैप्टन की मानसिक स्थिति को लेकर अटकलें लगाई गईं, जिन्हें उनके परिवार ने सिरे से खारिज किया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

इस दर्दनाक हादसे में कुल 260 लोगों की जान गई थी, जिनमें विमान के यात्री और वह लोग भी शामिल थे, जिनके हॉस्टल पर विमान गिरा था। केवल एक यात्री की जान बच सकी थी।
जांच एजेंसियों की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे यह साफ हो सकेगा कि यह हादसा तकनीकी त्रुटि, मानवीय भूल या किसी अन्य कारण का परिणाम था। फिलहाल, नई रिपोर्ट ने इस मामले में सस्पेंस और गंभीरता दोनों बढ़ा दी है।