Home राज्यउत्तर प्रदेशआजमगढ़: राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी का जिला महिला अस्पताल में औचक निरीक्षण, मुफ्त दवा और जांच सुनिश्चित करने के निर्देश

आजमगढ़: राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी का जिला महिला अस्पताल में औचक निरीक्षण, मुफ्त दवा और जांच सुनिश्चित करने के निर्देश

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

आजमगढ़ में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष एवं उपमंत्री दर्जा प्राप्त श्रीमती चारू चौधरी ने मंगलवार को जिला महिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया और अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।


उपाध्यक्ष ने ओपीडी कक्ष, गायनोकोलॉजी कक्ष, दवा वितरण कक्ष, जनरल वार्ड, सर्जिकल वार्ड तथा पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड में भर्ती महिलाओं से सीधे संवाद कर दवाओं की उपलब्धता, भोजन की गुणवत्ता और इलाज से संबंधित जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मरीजों को सभी दवाएं अस्पताल परिसर से ही उपलब्ध कराई जाएं और किसी भी स्थिति में बाहर की दवाएं न लिखी जाएं। उन्होंने कहा कि सभी प्रकार की ब्लड जांच, अल्ट्रासाउंड सहित अन्य आवश्यक जांचें अस्पताल में ही निःशुल्क सुनिश्चित की जाएं।

सीएमएस को निर्देशित किया गया कि सभी चिकित्सकों के साथ बैठक कर यह सुनिश्चित करें कि अस्पताल आने वाले मरीजों को बाहर की दवाएं लिखने की प्रवृत्ति पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि गरीब और जरूरतमंद व्यक्तियों को सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क दवाएं और समुचित इलाज उपलब्ध हो।
उपाध्यक्ष ने यह भी निर्देश दिया कि अस्पताल परिसर में प्रमुख स्थानों पर सूचना पट्ट लगाए जाएं, जिन पर स्पष्ट रूप से लिखा हो कि सभी प्रकार की दवाएं और जांच अस्पताल में निःशुल्क उपलब्ध हैं।

इसके अतिरिक्त उन्होंने चिकित्सक उपस्थिति पंजिका, फीडबैक रजिस्टर और ओपीडी रजिस्टर का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में अधिक से अधिक जागरूकता फैलाई जाए और अस्पताल में जन्म लेने वाले प्रत्येक शिशु को संबंधित योजनाओं से जोड़ा जाए। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। हालांकि, जो भी छोटी-मोटी कमियां सामने आईं, उन्हें शीघ्र दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
इस मौके पर सीएमएस जिला महिला अस्पताल आजमगढ़ डॉ. विनय कुमार सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं चिकित्सक मौजूद रहे।

You may also like

Leave a Comment