आजमगढ़ जिले के तहसील बूढ़नपुर अंतर्गत ग्राम कौड़िया में चकमार्ग की पैमाइश के दौरान राजस्व टीम पर हमले का मामला सामने आया है। सरकारी कार्य में बाधा डालने, लेखपाल के साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। लेखपाल की तहरीर पर कप्तानगंज थाने में पांच नामजद अभियुक्तों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार 10 जनवरी को तहसीलदार बूढ़नपुर के आदेश के क्रम में राजस्व टीम पुलिस बल के साथ ग्राम कौड़िया पहुंची थी। टीम गाटा संख्या 366 और 345 स्थित चकमार्ग का सीमांकन कर रही थी। दोपहर करीब दो बजे पैमाइश के दौरान चकमार्ग से सटे चकदार और उनके परिजनों ने विरोध शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गया।
आरोप है कि राजाराम, शनि राजभर, जय सिंह, राम सिंह और शेर सिंह राणा ने राजस्व टीम को काम करने से रोका। इस दौरान पैमाइश में इस्तेमाल होने वाली जरीब फेंक दी गई और सरकारी नक्शा फाड़ दिया गया। लेखपाल सुमित कुमार के विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया तथा चौराहे पर देख लेने की धमकी भी दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू की गई। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि राजस्व टीम से धक्का-मुक्की और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में पांच लोगों के खिलाफ थाना कप्तानगंज में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।