टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे बहुप्रतीक्षित मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच अब तय कार्यक्रम के अनुसार खेला जाएगा। लंबे समय से चल रहे गतिरोध के बाद पाकिस्तान सरकार ने भारतीय टीम के खिलाफ मैच खेलने की अनुमति दे दी है। यह हाईवोल्टेज मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में आयोजित किया जाएगा।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने आईसीसी, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और अन्य सदस्य देशों के साथ हुई उच्चस्तरीय बातचीत की जानकारी दी थी। इसके बाद सरकार ने सभी पहलुओं पर विचार करते हुए पाकिस्तान टीम को मैदान में उतरने की औपचारिक स्वीकृति दी।

दरअसल, पाकिस्तान ने पहले भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया था। सरकार की सलाह पर लिया गया यह फैसला पूरे टूर्नामेंट के लिए बड़ा संकट बन गया था। भारत-पाकिस्तान मुकाबले को क्रिकेट जगत का सबसे बड़ा और सबसे ज्यादा राजस्व देने वाला मैच माना जाता है। इसके रद्द होने से आईसीसी, ब्रॉडकास्टर्स और सभी सदस्य बोर्डों को भारी आर्थिक नुकसान की आशंका थी।
लाहौर में हुई कई घंटों की बैठक के दौरान पाकिस्तान ने आईसीसी के सामने कई शर्तें रखीं, जिनमें भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज, भारत-बांग्लादेश-पाकिस्तान त्रिपक्षीय सीरीज और राजस्व बढ़ाने जैसे मुद्दे शामिल थे। हालांकि सूत्रों के मुताबिक आईसीसी ने पाकिस्तान की ज्यादातर मांगों को मानने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीसीबी को अपना रुख नरम करना पड़ा।

इस पूरे मामले में बांग्लादेश की भूमिका भी अहम रही। आईसीसी ने साफ किया कि भारत में अपने मैच खेलने से इनकार करने के बावजूद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर किसी तरह की आर्थिक या प्रशासनिक कार्रवाई नहीं की जाएगी। साथ ही यह भी तय हुआ कि बांग्लादेश 2028 से 2031 के बीच किसी एक आईसीसी टूर्नामेंट की मेज़बानी करेगा।
लगातार दबाव और बातचीत के बाद आखिरकार पाकिस्तान को पीछे हटना पड़ा और भारत-पाकिस्तान मुकाबले का रास्ता साफ हो गया। अब 15 फरवरी को कोलंबो में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी, जिस पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी रहेंगी।