अमरावती शहर में नशीले पदार्थों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और गोपनीय कार्रवाई सामने आई है। नागपुर डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की टीम ने गाडगे नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक फ्लैट पर छापा मारकर करीब 5 किलो एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स बरामद की है।
जब्त किए गए इस नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
इस कार्रवाई की खास बात यह रही कि पूरी रेड को बेहद गोपनीय रखा गया। स्थानीय पुलिस को भी इस ऑपरेशन की कोई पूर्व जानकारी नहीं थी। जब पुलिस से इस बारे में सवाल किए गए तो उन्होंने स्पष्ट रूप से अनभिज्ञता जताई। इससे यह साफ होता है कि DRI काफी समय से इस ड्रग्स रैकेट पर नजर बनाए हुए थी और सही मौके का इंतजार कर रही थी।

फिलहाल, मामले की आगे की जांच नवसारी स्थित GST भवन में की जा रही है, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जांच स्थल पर किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। सूत्रों के अनुसार, इस पूरी कार्रवाई में DRI की तीन अलग-अलग टीमें शामिल हैं, जो ड्रग्स नेटवर्क के अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही हैं।
प्रारंभिक जांच में इस कार्रवाई के तार पिछले दिनों ‘पावर पॉइंट’ इलाके में ट्रैवल बसों के जरिए भेजे जा रहे पार्सल की चेकिंग से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि ड्रग्स की सप्लाई इसी नेटवर्क के माध्यम से की जा रही थी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस रैकेट का कोई विदेशी कनेक्शन है और इसके पीछे अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट सक्रिय तो नहीं हैं।

अमरावती जैसे शहर में इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों का मिलना शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। साथ ही यह युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले नेटवर्क की भयावहता को भी उजागर करता है। DRI की इस बड़ी कार्रवाई को नशे के खिलाफ चल रही मुहिम में एक अहम सफलता माना जा रहा है।