Home राज्यमहाराष्ट्रअजित दादा की विरासत को महाराष्ट्र के हित में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध, शपथ के बाद सुनेत्रा पवार का पहला बयान

अजित दादा की विरासत को महाराष्ट्र के हित में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध, शपथ के बाद सुनेत्रा पवार का पहला बयान

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

मुंबई: उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सुनेत्रा अजित पवार ने अपने पहले बयान में साफ किया कि अजित दादा की जन-केंद्रित राजनीति, उनके विचार और उनकी विरासत को महाराष्ट्र के हित में आगे बढ़ाना ही उनका मुख्य संकल्प है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी गंभीरता, ईमानदारी और कर्तव्यभाव के साथ निभाएंगी।

सुनेत्रा पवार ने महाराष्ट्र की जनता और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी और सहयोगियों द्वारा उनके ऊपर जताए गए विश्वास पर वे पूरी क्षमता के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि अजित दादा का असमय निधन उनके व्यक्तिगत जीवन के लिए गहरा आघात है, लेकिन जनता के प्रति उनकी निष्ठा, संघर्ष और समर्पण ही उनके सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा बने रहेंगे।


डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार ने कहा कि किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और समाज के वंचित वर्गों के कल्याण के लिए काम करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईमानदारी, पारदर्शिता और जनता-केंद्रित सोच के साथ वे न्यायपूर्ण, समावेशी और विकसित महाराष्ट्र के निर्माण की दिशा में लगातार प्रयास करेंगी।

उन्होंने यह भी कहा कि वे शिवाजी महाराज, शाहू महाराज, महात्मा फुले और डॉ. बी.आर. अंबेडकर के आदर्शों को अपने कार्यों का मार्गदर्शन बनाए रखेंगी। साथ ही आधुनिक महाराष्ट्र के शिल्पकार यशवंतराव चव्हाण की विरासत को भी पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।


सुनेत्रा पवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विज़न का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के समन्वय में महाराष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना, प्रशासन को अधिक संवेदनशील बनाना और महाराष्ट्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाना ही उनका दृढ़ संकल्प है।

You may also like

Leave a Comment