मुंबई के अंधेरी (पश्चिम) इलाके में अवैध निर्माण के खिलाफ बृहन्मुंबई महानगरपालिका की लगातार कार्रवाई अब असर दिखाने लगी है। सड़कों और फुटपाथों से अवैध कब्जे हटाए जाने के बाद इलाके में यातायात व्यवस्था पहले से कहीं अधिक सुचारू हो गई है। इसी के चलते स्थानीय नागरिकों ने BMC प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों की ओर से सहायक आयुक्त (के पश्चिम विभाग) श्री चक्रपाणी अल्ले का उनके कार्यालय में सम्मान किया गया। यह कार्यक्रम 24 जनवरी 2026 को आयोजित हुआ, जिसमें क्षेत्र के नागरिक, रहिवासी संगठन और स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका आयुक्त एवं प्रशासक श्री भूषण गगराणी के निर्देशों और अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (पश्चिम उपनगर) के मार्गदर्शन में मुंबई शहर और उपनगरों में अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त और निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में उपायुक्त (परिमंडल-3) श्री विश्वास मोटे के मार्गदर्शन और सहायक आयुक्त श्री चक्रपाणी अल्ले के नेतृत्व में ‘के पश्चिम’ विभाग द्वारा अंधेरी पश्चिम के कई प्रमुख इलाकों में अभियान चलाया गया।

बीते कुछ दिनों से वीरा देसाई मार्ग, कैप्टन सामंत मार्ग, जे.पी. रोड और अपना बाजार परिसर में सड़क और फुटपाथों पर किए गए अवैध निर्माण हटाए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद न सिर्फ पैदल यात्रियों को चलने में सुविधा मिली है, बल्कि वाहनों की आवाजाही भी काफी हद तक आसान हुई है। इससे ट्रैफिक जाम की समस्या कम होने में मदद मिली है और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता मिली है।
ढाके वसाहत समेत आसपास के क्षेत्रों की नागरिक संस्थाओं और स्थानीय रहिवासियों ने BMC की इस निर्णायक और प्रभावी कार्रवाई की खुले तौर पर सराहना की है। नागरिकों का कहना है कि लगातार हो रही यह कार्रवाई इलाके में सकारात्मक बदलाव ला रही है।

महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध निर्माण के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे और सार्वजनिक स्थान आम नागरिकों के लिए सुरक्षित रह सकें।