Home स्पोर्ट्सक्रिकेटअंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत की लगातार तीसरी जीत, न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया

अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत की लगातार तीसरी जीत, न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

जिम्बाब्वे के बुलावायो में खेले जा रहे अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए लगातार तीसरी जीत दर्ज की है। शनिवार को खेले गए बारिश से प्रभावित मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से पराजित कर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 36.2 ओवर में 135 रन पर ऑलआउट हो गई। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। आरएस अंबरीश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि हेनिल पटेल को 3 सफलताएं मिलीं। न्यूजीलैंड की ओर से कैलम सैमसन ने नाबाद 37 रन बनाए, वहीं सेल्विन संजय ने 28 रनों की पारी खेली। दोनों के बीच आठवें विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी हुई, जिससे टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी।

बारिश के कारण मैच को 37-37 ओवर का कर दिया गया था। न्यूजीलैंड द्वारा दिए गए 136 रन के लक्ष्य को बाद में संशोधित कर 130 रन कर दिया गया। जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए लक्ष्य को महज 13.3 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।

कप्तान आयुष म्हात्रे ने 27 गेंदों में 53 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। उनके साथ वैभव सूर्यवंशी ने 23 गेंदों पर 40 रन बनाए। दोनों के बीच हुई तेजतर्रार अर्धशतकीय साझेदारी ने न्यूजीलैंड को मैच में वापसी का कोई मौका नहीं दिया।

इस मुकाबले के साथ ही वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में सरफराज खान को पीछे छोड़ दिया। वैभव अब 1087 रन के साथ छठे स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि सरफराज के नाम 1080 रन दर्ज हैं।

लगातार तीसरी जीत के साथ टीम इंडिया ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में अपने इरादे साफ कर दिए हैं और खिताब की मजबूत दावेदार बनकर उभरी है।

You may also like

Leave a Comment